Friday, June 5, 2026
Homeउत्तराखंडउत्तराखंड में 196 नर्सिंग ऑफिसर पदों पर भर्ती, 12 जून से आवेदन...

उत्तराखंड में 196 नर्सिंग ऑफिसर पदों पर भर्ती, 12 जून से आवेदन शुरू

देहरादून: उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे नर्सिंग अभ्यर्थियों के लिए एक शानदार और बड़ी खुशखबरी सामने आई है। उत्तराखंड चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड (UKMSSB) ने चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अंतर्गत नर्सिंग ऑफिसर (महिला/पुरुष) के 196 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। बोर्ड द्वारा जारी विज्ञापन के अनुसार, इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया आगामी 12 जून 2026 से शुरू होने जा रही है। इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी 2 जुलाई 2026 तक बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

यूकेएमएसएसबी द्वारा जारी विज्ञापन संख्या उ०चि० से०च० बो०/परी०/16/2025-26/448 (दिनांक 03 जून 2026) के तहत समूह ‘ग’ के अंतर्गत इन पदों पर भर्ती की जाएगी। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि रिक्त पदों की संख्या प्रशासनिक आवश्यकता के अनुसार घट या बढ़ सकती है। कुल 196 पदों में से नर्सिंग ऑफिसर (महिला) डिप्लोमा वर्ग के लिए 126 पद और डिग्री वर्ग के लिए 31 पद आरक्षित हैं। वहीं, नर्सिंग ऑफिसर (पुरुष) डिप्लोमा वर्ग के लिए 31 पद तथा डिग्री वर्ग के लिए 8 पदों पर भर्ती की जाएगी।

इन पदों पर अंतिम रूप से चयनित अभ्यर्थियों को पे-लेवल-7 के तहत 44,900 रुपये से लेकर 1,42,400 रुपये तक का बेहतरीन वेतनमान दिया जाएगा। भर्ती के लिए न्यूनतम आयु सीमा 21 वर्ष और अधिकतम आयु सीमा 42 वर्ष निर्धारित की गई है। राज्य सरकार के नियमानुसार आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को अधिकतम आयु सीमा में नियमानुसार छूट का लाभ भी मिलेगा। शैक्षणिक योग्यता के तहत डिप्लोमा श्रेणी के लिए जनरल नर्सिंग एंड मिडवाइफरी (GNM) और डिग्री श्रेणी के लिए बीएससी नर्सिंग या पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग होना अनिवार्य है।

भर्ती कार्यक्रम के अनुसार, आवेदन पत्र और शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 02 जुलाई 2026 को सायं 5 बजे तक है। इसके बाद अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र में सुधार के लिए 04 जुलाई से 07 जुलाई 2026 तक करेक्शन विंडो की सुविधा भी मिलेगी। लिखित परीक्षा की तिथि बोर्ड द्वारा बाद में अलग से घोषित की जाएगी। योग्य उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय पर अपना आवेदन पूरा कर लें।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments