पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद तीरथ सिंह रावत ने किया उद्घाटन, वास्तुकला, इंटीरियर डिजाइन और अक्षय ऊर्जा से जुड़े उत्पादों का हो रहा प्रदर्शन
देहरादून। राजधानी देहरादून के परेड ग्राउंड में शुक्रवार को तीन दिवसीय आर्किटेक्स-द आर्किटेक्चरल एक्सपो का भव्य शुभारंभ हुआ। 2 से 4 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली इस प्रदर्शनी का उद्घाटन पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद तीरथ सिंह रावत ने किया। एक्सपो में वास्तुकला, इंटीरियर डिजाइन, भवन निर्माण और अक्षय ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े प्रमुख ब्रांड, निर्माता, विशेषज्ञ और पेशेवर हिस्सा ले रहे हैं।
उद्घाटन समारोह की शुरुआत के बाद छोटी बच्चियों ने आकर्षक सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुति देकर उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया। इसके बाद अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। कार्यक्रम के दौरान वास्तुकला, निर्माण, डिजाइन और ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर पैनल चर्चा भी आयोजित की गई। इसमें विशेषज्ञों ने आधुनिक निर्माण तकनीकों, डिजाइन में नवाचार, सतत विकास तथा उद्योग के सामने मौजूद चुनौतियों और भविष्य की संभावनाओं पर अपने विचार साझा किए।
एक्सपो में निर्माण और इंटीरियर डिजाइन से संबंधित उत्पादों की विस्तृत श्रृंखला प्रदर्शित की जा रही है। इसमें टाइल्स एवं सिरेमिक, मार्बल एवं प्राकृतिक पत्थर, बाथ एवं सैनिटरी उत्पाद, दरवाजे-खिड़कियां, एल्युमिनियम एवं पीवीसी सिस्टम, ग्लास एवं रेलिंग, फ्लोरिंग, पेंट एवं कोटिंग, विद्युत समाधान, प्लंबिंग, किचन एवं बाथ समाधान, फर्नीचर और स्मार्ट होम ऑटोमेशन से जुड़े उत्पाद शामिल हैं। यहां आगंतुकों को विभिन्न कंपनियों के उत्पादों, आधुनिक तकनीकों और निर्माण क्षेत्र में हो रहे नवीन प्रयोगों की जानकारी एक ही मंच पर मिल रही है।
आयोजकों के अनुसार, आर्किटेक्स एक्सपो का उद्देश्य केवल उत्पादों का प्रदर्शन करना नहीं, बल्कि वास्तुकला एवं निर्माण उद्योग से जुड़े लोगों को ज्ञान साझा करने, नेटवर्किंग और नए व्यावसायिक अवसरों के लिए एक साझा मंच उपलब्ध कराना भी है।
इस आयोजन के साथ रेन्यूएक्स (RenewX) प्रदर्शनी भी आयोजित की जा रही है, जिसमें अक्षय ऊर्जा और सौर ऊर्जा क्षेत्र की नवीनतम तकनीकों एवं समाधानों को प्रदर्शित किया गया है। इसके माध्यम से आगंतुकों को ऊर्जा के वैकल्पिक स्रोतों, आधुनिक सौर तकनीकों और टिकाऊ ऊर्जा समाधानों की जानकारी मिल रही है।
कार्यक्रम में डीपी गैरोला, राहुल सक्सेना, गिरेन्द्र भारतीया, बीएस राणा, इंदर ढींगरा, डीके सिंह, विजय सिंह तोमर और राहुल देव सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। समारोह के समापन पर अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं, कार्यक्रम के सफल आयोजन में योगदान के लिए मीडिया कोऑर्डिनेटर किशोर रावत को भी सम्मानित किया गया।
चार अक्टूबर तक चलने वाली यह प्रदर्शनी निर्माण, वास्तुकला, इंटीरियर डिजाइन और अक्षय ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े पेशेवरों, कारोबारियों तथा आम लोगों के लिए नवीनतम उत्पादों और तकनीकों से रूबरू होने का अवसर प्रदान कर रही है।


