Wednesday, November 11, 2026
Homeउत्तराखंडनैनीताल में पुलिस का बड़ा एक्शन: ऑपरेशन प्रहार के तहत 33 वारंटी...

नैनीताल में पुलिस का बड़ा एक्शन: ऑपरेशन प्रहार के तहत 33 वारंटी गिरफ्तार, 9 थाना क्षेत्रों में दी दबिश

नैनीताल। नैनीताल जिले में अपराधियों और लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दबिश देकर पुलिस ने कुल 33 वारंटियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ न्यायालय से गैर जमानती वारंट (NBW) जारी थे।

पुलिस के अनुसार, दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने और जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चन्द्र और एसपी हल्द्वानी हरबन्स सिंह के मार्गदर्शन में अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया। संबंधित क्षेत्राधिकारियों की निगरानी में टीमों ने वारंटियों की तलाश कर उन्हें गिरफ्तार किया।

लालकुआं और रामनगर में सबसे ज्यादा गिरफ्तारियां

अभियान के दौरान सबसे अधिक गिरफ्तारियां लालकुआं और रामनगर कोतवाली क्षेत्र में हुईं। दोनों थाना क्षेत्रों से सात-सात वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा अन्य थाना क्षेत्रों में भी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फरार आरोपियों को हिरासत में लिया।

थाना क्षेत्रवार गिरफ्तार वारंटियों का विवरण इस प्रकार है:

  • लालकुआं – 7 वारंटी
  • हल्द्वानी – 6 वारंटी
  • रामनगर – 7 वारंटी
  • बनभूलपुरा – 5 वारंटी
  • काठगोदाम – 2 वारंटी
  • मुखानी – 3 वारंटी
  • तल्लीताल – 1 वारंटी
  • कालाढूंगी – 1 वारंटी
  • बेतालघाट – 1 वारंटी

इस प्रकार जिले के कुल नौ थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 33 वारंटियों को गिरफ्तार किया।

चेक बाउंस और आबकारी अधिनियम के मामलों में थे फरार

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए वारंटी एनआई एक्ट (चेक बाउंस), आबकारी अधिनियम और अन्य आपराधिक मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे थे। वहीं, रामनगर कोतवाली पुलिस ने सात वारंटियों को गिरफ्तार करने के साथ एक अभियोग का निस्तारण भी किया।

नैनीताल पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार सभी वारंटियों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में अपराधियों, वांछित आरोपियों और लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments