Wednesday, November 11, 2026
Homeउत्तराखंडउत्तराखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल जल्द, 20 से अधिक IAS और PCS...

उत्तराखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल जल्द, 20 से अधिक IAS और PCS अधिकारियों के तबादलों की सूची तैयार

देहरादून। उत्तराखंड में जल्द ही बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल देखने को मिल सकता है। प्रदेश सरकार ने लंबे समय से एक ही स्थान और पद पर तैनात IAS और PCS अधिकारियों के तबादलों की तैयारी पूरी कर ली है। संभावित तबादला सूची में 20 से अधिक अधिकारी शामिल बताए जा रहे हैं। शासन स्तर पर सूची को अंतिम रूप दिए जाने के बाद अब जल्द ही तबादला आदेश जारी होने की संभावना है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत तीन वर्ष से अधिक समय से एक ही स्थान पर तैनात अधिकारियों को स्थानांतरित करने की प्रक्रिया चल रही है। इसके तहत विभिन्न जिलों में तैनात जिलाधिकारी (DM), मुख्य विकास अधिकारी (CDO), अपर जिलाधिकारी (ADM) और उपजिलाधिकारी (SDM) स्तर के अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया जा सकता है।

कार्मिक विभाग ने लंबे समय से एक ही पद पर तैनात अधिकारियों की सूची तैयार की है। सचिव कार्मिक शैलेश बगोली ने भी तबादला प्रक्रिया को लेकर संकेत दिए हैं। बताया जा रहा है कि अधिकारियों के नामों और उनके संभावित नए तैनाती स्थलों को लेकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। शासन की ओर से जल्द ही इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी किए जा सकते हैं।

पुलिस विभाग में भी हो सकता है बड़ा फेरबदल

प्रशासनिक अधिकारियों के तबादलों के बाद पुलिस विभाग में भी बड़े स्तर पर फेरबदल की संभावना जताई जा रही है। माना जा रहा है कि आगामी चुनावी तैयारियों, प्रशासनिक कार्यक्षमता और कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पुलिस विभाग के अधिकारियों की तैनाती में भी बदलाव किया जा सकता है।

फिलहाल सभी की निगाहें शासन की ओर से जारी होने वाली आधिकारिक तबादला सूची पर टिकी हैं। हालांकि, अंतिम सूची और अधिकारियों की नई तैनाती के संबंध में स्थिति आदेश जारी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments