Saturday, August 22, 2026
Homeउत्तराखंडयूजेवीएनएल को मिली बड़ी वित्तीय उपलब्धि, PFC ने दी ‘A+’ श्रेणी

यूजेवीएनएल को मिली बड़ी वित्तीय उपलब्धि, PFC ने दी ‘A+’ श्रेणी

यूजेवीएन लिमिटेड को भारत सरकार के उपक्रम पावर फाइनेंस कॉरपोरेशन लिमिटेड (PFC) द्वारा सार्वजनिक क्षेत्र के विद्युत उपक्रमों के वर्गीकरण में ‘ए+’ श्रेणी प्रदान की गई है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए यूजेवीएन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक श्री अजय कुमार सिंह ने बताया कि पावर फाइनेंस कॉरपोरेशन लिमिटेड द्वारा राज्य विद्युत उत्पादन संस्थानों, केंद्र सरकार के विद्युत उपक्रमों, ऊर्जा विभागों आदि का अर्धवार्षिक आधार पर वर्गीकरण किया जाता है। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 की वित्तीय स्थिति तथा निगम द्वारा उपलब्ध कराए गए नवीनतम रेटिंग इनपुट के आधार पर यूजेवीएन लिमिटेड का वर्गीकरण ‘ए+’ किया गया है।

श्री अजय कुमार सिंह ने बताया कि पीएफसी द्वारा प्रदान की गई यह रेटिंग 15 मई 2026 से प्रभावी मानी गई है और अगले वर्गीकरण की अधिसूचना जारी होने तक लागू रहेगी। उन्होंने कहा कि पीएफसी द्वारा ‘ए+’ श्रेणी प्रदान किया जाना यूजेवीएन लिमिटेड की मजबूत वित्तीय स्थिति, कार्यकुशलता एवं निरंतर बेहतर प्रदर्शन का प्रमाण है।

श्री सिंह ने निगम की इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व, मुख्य सचिव तथा सचिव ऊर्जा के निरंतर सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उच्च स्तर पर प्राप्त मार्गदर्शन एवं सहयोग से यूजेवीएन लिमिटेड लगातार नई उपलब्धियां प्राप्त कर रहा है।

उन्होंने कहा कि निगम के समस्त कार्मिकों के साथ-साथ अधिशासी निदेशक (वित्त) श्री सुधाकर बडोनी एवं उनकी टीम द्वारा किए जा रहे सतत प्रयासों से निगम की वित्तीय स्थिति लगातार सुदृढ़ हो रही है और इस प्रकार की महत्वपूर्ण उपलब्धियां अर्जित की जा रही हैं।

श्री सिंह ने कहा कि पीएफसी द्वारा प्रदान की गई ‘ए+’ श्रेणी से निगम की विश्वसनीयता एवं वित्तीय साख में और वृद्धि होगी तथा भविष्य में विभिन्न परियोजनाओं के लिए बेहतर शर्तों पर वित्तीय संसाधन जुटाने में भी सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि न केवल यूजेवीएन लिमिटेड की मजबूत वित्तीय स्थिति, कार्यकुशलता एवं बेहतर प्रदर्शन को दर्शाती है, बल्कि उत्तराखंड के ऊर्जा क्षेत्र के लिए भी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments