Tuesday, July 28, 2026
Homeउत्तराखंडनंदा की चौकी का नया पुल पूरी तरह सुरक्षित, केवल एप्रोच रोड...

नंदा की चौकी का नया पुल पूरी तरह सुरक्षित, केवल एप्रोच रोड क्षतिग्रस्त; जांच के बाद होगी कार्रवाई : पीडब्ल्यूडी सचिव

देहरादून। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के सचिव पंकज कुमार पांडेय ने स्पष्ट किया है कि देहरादून के नंदा की चौकी स्थित नवनिर्मित पुल पूरी तरह सुरक्षित है। भारी बारिश के चलते पुल की एप्रोच रोड का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है, जिसे युद्ध स्तर पर ठीक करने का कार्य जारी है।

सचिव पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि बीती रात हुई मूसलाधार बारिश के कारण पुल की एप्रोच रोड के नीचे से मलबा बह जाने से सड़क का एक हिस्सा धंस गया। हालांकि, पुल की मुख्य संरचना पूरी तरह सुरक्षित है और किसी प्रकार का संरचनात्मक नुकसान नहीं हुआ है। विभाग की टीमें तेजी से एप्रोच रोड को बहाल कर यातायात सामान्य करने में जुटी हैं।

उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जांच के लिए लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता को मौके पर भेजा गया है। जांच में यदि किसी अधिकारी, निर्माण एजेंसी या ठेकेदार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सचिव ने बताया कि लगातार हो रही बारिश के कारण नदी का जलस्तर और बहाव बढ़ गया है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए नदी के बहाव को मोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इस कार्य में सिंचाई विभाग की टीम भी मौके पर तैनात है और आवश्यक संसाधनों के साथ राहत एवं मरम्मत कार्य में सहयोग कर रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में यदि कहीं भी नई बनी सड़क या अन्य निर्माण कार्य समय से पहले क्षतिग्रस्त होता है तो उसके कारणों की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि प्रदेशभर में वर्षा से प्रभावित और बंद सड़कों को खोलने के लिए विभाग युद्ध स्तर पर कार्य कर रहा है। सभी बंद मार्गों की स्थिति विभागीय पोर्टल पर लाइव अपडेट की जा रही है और प्रयास है कि अधिकांश सड़कों को 24 घंटे के भीतर यातायात के लिए सुचारु कर दिया जाए।

उन्होंने यह भी बताया कि देहरादून–मसूरी मार्ग पर एक स्थान पर नया जलस्रोत सक्रिय होने के कारण बार-बार मलबा आ रहा है। वहां विभाग की टीम मशीनों और आवश्यक उपकरणों के साथ लगातार तैनात है ताकि मार्ग को सुरक्षित और सुचारु रखा जा सके।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments