देहरादून, 14 अगस्त 2026। यूजेवीएन लिमिटेड के 144 मेगावाट क्षमता वाले चीला विद्युत गृह की इकाई संख्या-4 के व्यापक नवीनीकरण, आधुनिकीकरण एवं उच्चीकरण (Renovation, Modernization & Upgradation—RMU) कार्यों के पश्चात इकाई को आज सफलतापूर्वक ग्रिड के साथ सिंक्रोनाइज कर दिया गया। यह उपलब्धि प्रदेश की जलविद्युत उत्पादन क्षमता को सुदृढ़ करने तथा स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा की उपलब्धता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि की जानकारी देते हुए यूजेवीएन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक श्री अजय कुमार सिंह ने बताया कि 14 अगस्त 2026 को इकाई संख्या-4 को RMU कार्यों के पश्चात सफलतापूर्वक ग्रिड के साथ सिंक्रोनाइज किया गया। सिंक्रोनाइजेशन के दौरान निर्धारित परीक्षणों के क्रम में 36 मेगावाट क्षमता की इकाई को सफलतापूर्वक 39 मेगावाट लोड तक संचालित किया गया। यह इकाई की बढ़ी हुई क्षमता, दक्षता, प्रदर्शन एवं परिचालन विश्वसनीयता का महत्वपूर्ण प्रमाण है।
श्री सिंह ने कहा कि 36 मेगावाट की इकाई का 39 मेगावाट तक सफल संचालन अपने आप में एक उल्लेखनीय तकनीकी उपलब्धि है। स्थापित क्षमता में प्रति इकाई 3 मेगावाट की वृद्धि को दीर्घकालीन उत्पादन के परिप्रेक्ष्य में देखा जाए तो इससे आने वाले वर्षों में प्रदेश को अतिरिक्त स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण योगदान प्राप्त होगा।
उन्होंने बताया कि 36 मेगावाट की चार इकाइयों से युक्त 144 मेगावाट क्षमता के चीला विद्युत गृह की इकाई संख्या-4 में किए गए RMU कार्यों का मुख्य उद्देश्य महत्वपूर्ण विद्युत एवं यांत्रिक उपकरणों तथा सहायक प्रणालियों को आधुनिक तकनीकी मानकों के अनुरूप उन्नत करना, इकाई की कार्यक्षमता एवं विश्वसनीयता बढ़ाना तथा इसके दीर्घकालीन सुरक्षित संचालन एवं उत्पादन जीवनकाल को बढ़ाना था।
प्रबंध निदेशक ने कहा कि RMU कार्यों के सफल समापन और इकाई के पुनः ग्रिड से जुड़ने से चीला विद्युत गृह की उत्पादन क्षमता, परिचालन दक्षता और विश्वसनीयता को नई मजबूती मिली है। इससे राज्य की विद्युत व्यवस्था को अतिरिक्त स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध कराने के साथ-साथ ग्रिड की मांग के अनुरूप विद्युत आपूर्ति को अधिक प्रभावी ढंग से सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी।
श्री अजय कुमार सिंह ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि का श्रेय माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी, मुख्य सचिव एवं प्रमुख सचिव ऊर्जा के निरंतर मार्गदर्शन एवं सहयोग को देते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में यूजेवीएन लिमिटेड प्रदेश की जलविद्युत परियोजनाओं के आधुनिकीकरण, क्षमता वृद्धि एवं बेहतर परिसंपत्ति प्रबंधन के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।
उन्होंने कहा कि इकाई संख्या-4 का सफल सिंक्रोनाइजेशन यूजेवीएन लिमिटेड के अधिकारियों एवं कार्मिकों की सामूहिक प्रतिबद्धता, तकनीकी दक्षता, कुशल प्रबंधन, प्रभावी कार्य-योजना तथा परियोजना से जुड़े अभियंताओं, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समर्पित प्रयासों का परिणाम है। साथ ही, विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के साथ बेहतर समन्वय ने इस चुनौतीपूर्ण कार्य को निर्धारित कार्य-योजना के अनुरूप पूर्ण करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा कि चीला विद्युत गृह की इकाई संख्या-4 का सफल पुनः संचालन केवल एक मशीन के पुनर्स्थापन की उपलब्धि नहीं, बल्कि यूजेवीएन लिमिटेड की तकनीकी क्षमता, कार्यकुशलता और भविष्य की ऊर्जा आवश्यकताओं के अनुरूप अपनी जलविद्युत परिसंपत्तियों को सशक्त बनाने की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस उपलब्धि से प्रदेश में स्वच्छ, विश्वसनीय एवं सतत जलविद्युत उत्पादन को नई गति मिलेगी, जिससे उत्तराखंड की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूती मिलेगी तथा राज्य के समग्र विकास में यूजेवीएन लिमिटेड की भूमिका और अधिक प्रभावी होगी।





