Saturday, September 19, 2026
Homeउत्तराखंडसेवा संकल्प अभियान के तहत 25 सितंबर से 07 अक्टूबर तक आयोजित...

सेवा संकल्प अभियान के तहत 25 सितंबर से 07 अक्टूबर तक आयोजित होंगे ‘सेवा सेतु, सरकार आपके द्वार’ शिविर

सेवा संकल्प अभियान के तहत शनिवार को सचिवालय में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल की अध्यक्षता में ‘सेवा सेतु, सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि अभियान के तहत प्रदेश के सभी जनपदों में प्रत्येक ब्लॉक एवं तहसील स्तर पर शिविर आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि शिविरों में स्वास्थ्य एवं बहुउद्देशीय शिविरों के साथ केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए विभिन्न विभागों के स्टॉल एवं प्रदर्शनी लगाई जाएगी। शिविर में पात्र लाभार्थियों का चयन कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा। साथ ही विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपस्थिति में मेडिकल कैंप आयोजित करने तथा ट्री प्रोटेक्शन एक्ट एवं मानव-वन्यजीव संघर्ष के संबंध में आमजन को जागरूक करने के निर्देश दिए।

कैबिनेट मंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को शिविर की तिथि, स्थल, नोडल अधिकारी, योजनाओं एवं उपलब्धियों सहित विस्तृत कार्ययोजना उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूर्व में आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रमों से अलग स्थानों पर शिविर आयोजित किए जाएं, ताकि अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं से जोड़ा जा सके। कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार होर्डिंग्स एवं बैनर आदि के माध्यम से करने के निर्देश भी दिए।

उपाध्यक्ष राज्य आपदा प्रबंधन डॉ. विनय रोहिला ने बताया कि ‘सेवा सेतु’ अभियान 25 सितंबर से 07 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। प्रत्येक तहसील एवं ब्लॉक स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे तथा प्रत्येक शिविर कम से कम तीन दिन संचालित किया जाएगा। कार्यक्रमों की रिपोर्टिंग भी की जाएगी।

महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने बताया कि अभियान के तहत विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे। शिविरों में लाभार्थियों का चयन, आवेदन पत्र भरने की सुविधा, योजनाओं के लाभार्थियों की सफलता की कहानियों का प्रस्तुतीकरण तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा।

बैठक में सचिव विनय शंकर पाण्डेय, श्री सी. रविशंकर, श्री राजेन्द्र कुमार, अपर सचिव श्री रोहित मीणा, सीसीएफ वन श्री राहुल, सीडीओ देहरादून श्री अभिनव शाह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। सभी जनपदों के जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments