Wednesday, September 2, 2026
Homeउत्तराखंडजल जीवन मिशन का भुगतान नहीं, ठेकेदार कल करेंगे सचिवालय कूच

जल जीवन मिशन का भुगतान नहीं, ठेकेदार कल करेंगे सचिवालय कूच

तीन दिन का अल्टीमेटम खत्म, SWSM कार्यालय से शुरू होगा धरना-प्रदर्शन

देहरादून, 1 सितंबर 2026।
जल जीवन मिशन के तहत पेयजल योजनाओं से जुड़े करोड़ों रुपये के भुगतान लंबे समय से लंबित होने के विरोध में प्रदेशभर के ठेकेदार बुधवार, 2 सितंबर को राजधानी देहरादून में बड़ा आंदोलन करेंगे। देवभूमि जल शक्ति कांट्रेक्टर वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले ठेकेदार SWSM कार्यालय, इंदर रोड से सचिवालय की ओर कूच करेंगे और वहां धरना-प्रदर्शन करेंगे।

एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित अग्रवाल ने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत कराए गए कार्यों का भुगतान लंबे समय से नहीं होने के कारण ठेकेदार गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं। भुगतान अटकने से निर्माण कार्यों में लगी एजेंसियों पर वित्तीय दबाव बढ़ गया है और कई ठेकेदारों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।

अग्रवाल के मुताबिक, सचिव पेयजल निगम के साथ हुई बैठक के बाद ठेकेदारों की समस्याओं के समाधान के लिए मुख्यमंत्री को तीन दिन का समय दिया गया था। हालांकि, निर्धारित अवधि पूरी होने के बावजूद शासन स्तर से कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि लगातार उपेक्षा के चलते ठेकेदारों को आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ा है।

एसोसिएशन के अनुसार, आंदोलन के तहत बुधवार सुबह 11 बजे SWSM कार्यालय, इंदर रोड पर ठेकेदारों को संबोधित किया जाएगा और जनसभा आयोजित की जाएगी। इसके बाद करीब 11:30 बजे ठेकेदार सचिवालय की ओर कूच करेंगे। सचिवालय पहुंचने के बाद मांगों के समर्थन में निरंतर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

ठेकेदारों की प्रमुख मांग जल जीवन मिशन के तहत लंबित सभी भुगतानों का तत्काल निपटारा करना है। इसके साथ ही एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री से पूरे मामले में स्वयं स्पष्टीकरण देने की मांग की है।

अमित अग्रवाल ने कहा कि यह आंदोलन ठेकेदारों के हक और न्याय की लड़ाई है। उन्होंने मीडिया से आंदोलन को प्रमुखता से उठाने और उनकी समस्याओं को शासन एवं आम जनता तक पहुंचाने की अपील की है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments