हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार में इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के वरिष्ठ अधिकारी पर फायरिंग का मामला सामने आया है। कनखल थाना क्षेत्र स्थित IB के क्षेत्रीय कार्यालय में तैनात एसपी सीपी नौटियाल पर उनके ही चालक ने कथित तौर पर गोली चला दी। गनीमत रही कि गोली उनके माथे के बेहद करीब से निकल गई और वह बाल-बाल बच गए।
घटना के बाद एसपी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, एसपी सीपी नौटियाल और उनके चालक के बीच पिछले कुछ समय से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। इसी नाराजगी के चलते चालक ने कथित तौर पर उन पर फायरिंग कर दी। गोली माथे के पास से निकलने के बाद कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस विवाद की वजह और फायरिंग के पीछे के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
योगी की मां के अंतिम संस्कार के बीच हुई घटना
गौरतलब है कि शनिवार को ही हरिद्वार में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दिवंगत मां सावित्री देवी का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और दिल्ली से कई मंत्री, विधायक और सांसद समेत बड़ी संख्या में वीवीआईपी हरिद्वार पहुंचे थे।
ऐसे में वीवीआईपी मूवमेंट के बीच IB के वरिष्ठ अधिकारी पर फायरिंग की घटना सामने आने से सुरक्षा एजेंसियों में भी हलचल मच गई। पुलिस आरोपी चालक से पूछताछ कर रही है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।


