बाजारों और संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई गई पुलिस गश्त, अस्पतालों में इमरजेंसी सेवाएं अलर्ट; देहरादून में 46 अग्निशमन कर्मचारियों की लगाई गई ड्यूटी
देहरादून। दीपावली के त्योहार को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए उत्तराखंड में प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। पटाखों से आग लगने, लोगों के झुलसने, आंखों में चोट लगने और सड़क दुर्घटनाओं जैसी संभावित घटनाओं को देखते हुए पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, 108 एंबुलेंस सेवा और अग्निशमन विभाग को अलर्ट मोड पर रखा गया है। प्रदेशभर में आपातकालीन सेवाओं को सक्रिय कर दिया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की सूचना मिलने पर तत्काल राहत और उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
त्योहार के दौरान बाजारों, धार्मिक स्थलों, प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की निगरानी बढ़ाई गई है। वहीं, अस्पतालों को इमरजेंसी सुविधाएं दुरुस्त रखने और पर्याप्त चिकित्सा संसाधन उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रदेशभर में 108 सेवा की 272 एंबुलेंस हाई अलर्ट पर रहेंगी, जबकि देहरादून जिले में 12 प्रमुख स्थानों पर दमकल वाहन तैनात किए जा रहे हैं।
बाजारों और संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई गई पुलिस गश्त
दीपावली के दौरान बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की है। प्रमुख बाजारों, धार्मिक स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसके साथ ही पैदल गश्त और वाहन पेट्रोलिंग के माध्यम से निगरानी रखी जा रही है।
सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों की मदद से भीड़भाड़ वाले इलाकों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
अस्पतालों में इमरजेंसी बेड और डॉक्टरों की ड्यूटी तय
पटाखों से जलने, आंखों में चोट लगने और अन्य दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए सरकारी और निजी अस्पतालों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। अस्पतालों में इमरजेंसी बेड आरक्षित रखने के साथ ही आवश्यक दवाइयां, मेडिकल उपकरण और अन्य चिकित्सा सामग्री पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने को कहा गया है।
इमरजेंसी सेवाओं के लिए सर्जन, नेत्र रोग विशेषज्ञ, फिजिशियन और पैरामेडिकल स्टाफ की ड्यूटी भी निर्धारित की गई है। देहरादून के मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अस्पतालों को आपातकालीन वार्डों में सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा डॉक्टरों और पैरामेडिकल कर्मचारियों की नाइट ड्यूटी भी तय करने को कहा गया है।
प्रदेशभर में 272 एंबुलेंस रहेंगी हाई अलर्ट पर
दीपावली के दौरान आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को मजबूत रखने के लिए प्रदेशभर में 108 सेवा की 272 एंबुलेंस मुस्तैद रहेंगी। आपातकालीन एंबुलेंस सेवा के जीएम प्रोजेक्ट्स अनिल शर्मा ने बताया कि त्योहार को देखते हुए सभी 272 एंबुलेंस को हाई अलर्ट पर रखने के निर्देश दिए गए हैं। एंबुलेंस कर्मचारियों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।
उन्होंने बताया कि संवेदनशील और प्रमुख स्थानों पर एंबुलेंस की तैनाती की जा रही है। साथ ही तकनीकी स्तर पर भी ऐसी व्यवस्थाएं की गई हैं, जिससे एंबुलेंस को यातायात जाम में फंसने से बचाया जा सके और जरूरत पड़ने पर कम से कम समय में घटनास्थल तक पहुंचाया जा सके।
देहरादून के प्रमुख स्थानों पर तैनात रहेंगी एंबुलेंस
देहरादून जिले में सर्वे चौक, घंटाघर, जाखन, रायपुर, बल्लूपुर चौक, प्रेमनगर, विधानसभा और रेसकोर्स सहित प्रमुख स्थानों पर एंबुलेंस की तैनाती की गई है। इसका उद्देश्य किसी भी दुर्घटना या मेडिकल इमरजेंसी की स्थिति में मरीजों को तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराना और जल्द अस्पताल पहुंचाना है।
12 स्थानों पर तैनात होंगे दमकल वाहन, 46 कर्मचारियों की ड्यूटी
दीपावली पर पटाखों से आग लगने की घटनाओं की आशंका को देखते हुए अग्निशमन विभाग ने भी विशेष इंतजाम किए हैं। देहरादून जिले में 12 प्रमुख स्थानों पर दमकल वाहनों की तैनाती की जा रही है, ताकि आग लगने की सूचना मिलते ही टीमें तत्काल मौके पर पहुंच सकें।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी अभिनव त्यागी के मुताबिक, पलटन बाजार, दिलाराम बाजार, घंटाघर चौक, प्रेमनगर, धर्मपुर, सहस्त्रधारा क्रॉसिंग, सहारनपुर चौक, दर्शनी गेट, किर्शाली चौक, मसूरी डायवर्जन और निरंजनपुर मंडी सहित 12 स्थानों पर दमकल वाहनों को तैनात किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि दीपावली के दौरान देहरादून जिले में अग्निशमन विभाग के 46 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके लिए 8 बड़े फायर टेंडर, 2 छोटे फायर टेंडर और 2 मोबाइल बैग पैक यूनिट तैयार रखी गई हैं। इसके अतिरिक्त कुछ कर्मचारियों और दमकल वाहनों को रिजर्व में रखा गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त संसाधनों का इस्तेमाल किया जा सके।
अभिनव त्यागी ने बताया कि आग लगने, धुआं उठने या किसी अन्य आपात स्थिति की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीमें तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू करेंगी।
आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क
दीपावली के दौरान किसी भी आपात स्थिति में नागरिक निम्नलिखित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं:
- 108 – एंबुलेंस सेवा
- 112 – पुलिस एवं आपातकालीन सहायता
- 101 – अग्निशमन सेवा
- 100 – पुलिस कंट्रोल रूम
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि दीपावली के दौरान पटाखे जलाते समय सावधानी बरतें, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा नियमों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल संबंधित विभाग को सूचना दें।


