Tuesday, November 17, 2026
Homeउत्तराखंडअल्मोड़ा और पिथौरागढ़ के दूरस्थ क्षेत्रों में पहुंचेगी स्वास्थ्य सेवाएं, मुख्यमंत्री ने...

अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ के दूरस्थ क्षेत्रों में पहुंचेगी स्वास्थ्य सेवाएं, मुख्यमंत्री ने दो ‘आरोग्य रथ’ को दिखाई हरी झंडी

देहरादून। उत्तराखण्ड के पर्वतीय एवं दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक और पहल की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय, देहरादून से अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जनपदों के दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए दो मोबाइल मेडिकल यूनिट ‘आरोग्य रथ’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

यह पहल पर्नोड रिकार्ड इंडिया फाउंडेशन के कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) कार्यक्रम के तहत टीएसएल फाउंडेशन द्वारा संचालित की जा रही है। इन आरोग्य रथों के माध्यम से दुर्गम पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को उनके घरों के नजदीक ही प्राथमिक चिकित्सा और स्वास्थ्य परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश के पर्वतीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उत्तराखण्ड की विषम भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन के करीब पहुंचाना बेहद आवश्यक है। मोबाइल मेडिकल यूनिट इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इन आरोग्य रथों में चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, फार्मासिस्ट और आवश्यक दवाओं की व्यवस्था की गई है। इनके माध्यम से लोगों को प्राथमिक एवं निवारक स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। साथ ही विभिन्न बीमारियों की शुरुआती पहचान, समय पर चिकित्सकीय परामर्श और स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण और विस्तार के लिए लगातार प्रयास कर रही है। विशेष रूप से पर्वतीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। इस कार्य में सरकारी प्रयासों के साथ-साथ कॉर्पोरेट संस्थाओं और सामाजिक संगठनों की सहभागिता भी महत्वपूर्ण है।

मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी विभिन्न संस्थाएं स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य सामाजिक क्षेत्रों में प्रदेश के विकास के लिए इसी प्रकार सहयोग करती रहेंगी।

कार्यक्रम में उत्तराखण्ड राज्य स्तरीय खेल परिषद के उपाध्यक्ष हेमराज बिष्ट, पलायन निवारण आयोग के सदस्य अनिल सिंह शाही, सचिव स्वास्थ्य विनय शंकर पांडेय, अपर सचिव मनमोहन मैनाली, पर्नोड रिकार्ड इंडिया फाउंडेशन की सीनियर डायरेक्टर (CSR) अनंतिका सिंह, टीएसएल ग्रुप के सीईओ साहिल अरोड़ा एवं डायरेक्टर आदेश गुप्ता सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments