Wednesday, October 7, 2026
Homeउत्तराखंडउत्तराखंड में भूकंप के तेज झटकों से दहशत, कई जिलों में घरों...

उत्तराखंड में भूकंप के तेज झटकों से दहशत, कई जिलों में घरों से बाहर निकले लोग

देहरादून। उत्तराखंड में मंगलवार देर रात भूकंप के तेज झटकों से लोगों में दहशत फैल गई। रात करीब 10 बजकर 23 मिनट 13 सेकंड पर आए भूकंप के झटके राज्य के कई जिलों में महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र चमोली जिले में ज्योतिर्मठ से करीब 50 किलोमीटर दक्षिण दिशा में बताया गया है। इसकी गहराई करीब 13 किलोमीटर दर्ज की गई।

राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.9 रही। भूकंप के झटके चमोली के अलावा रुद्रप्रयाग, पौड़ी समेत कई पर्वतीय क्षेत्रों में महसूस किए गए। वहीं कुमाऊं मंडल के नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, अल्मोड़ा, बागेश्वर, चंपावत और पिथौरागढ़ से भी भूकंप के झटके महसूस होने की सूचना सामने आई है।

भूकंप के झटके महसूस होते ही कई इलाकों में लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। रुद्रप्रयाग, पौड़ी, बीरोंखाल, थलीसैंण और धुमाकोट क्षेत्र में भी लोगों ने धरती में कंपन महसूस किया। कुछ स्थानों पर झटके कुछ सेकंड तक महसूस किए गए, जिसके बाद लोगों में काफी देर तक दहशत का माहौल बना रहा।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, भूकंप से अभी तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। प्रशासन और संबंधित विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। स्थानीय स्तर पर भी संभावित नुकसान की जानकारी जुटाई जा रही है।

भूकंप की तीव्रता 4.9 होने और केंद्र अपेक्षाकृत कम गहराई पर होने के कारण राज्य के कई हिस्सों में इसके झटके महसूस किए गए। प्रशासन ने लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने और भूकंप के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील की है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments