Tuesday, November 24, 2026
Homeअपराधदेहरादून: बैंक लॉकर से 50 लाख के गहने गायब, मैनेजर समेत तीन...

देहरादून: बैंक लॉकर से 50 लाख के गहने गायब, मैनेजर समेत तीन पर मुकदमा

देहरादून। राजधानी देहरादून के नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में बैंक लॉकर से करीब 50 लाख रुपये के सोने के आभूषण गायब होने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता ने बैंक मैनेजर समेत तीन लोगों पर धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता की पत्नी बैंक कर्मचारी है। आरोप है कि वह एक फरवरी 2026 को अपने 12 वर्षीय बेटे को लेकर घर छोड़कर चली गई थी। इसके बाद शिकायतकर्ता ने जमीन खरीदने के लिए अपनी एफडी तुड़वाई और 18 मार्च को दूसरे बैंक खाते में रकम जमा कराई।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि नेहरू कॉलोनी स्थित बैंक शाखा के मैनेजर ने दूसरे बैंक के प्रबंधक से संपर्क किया। इसके बाद कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर उनकी पत्नी ने अपने और बेटे के आभूषण ज्वाइंट बैंक लॉकर से निकलवाए। इसी दौरान लॉकर में रखे शिकायतकर्ता के सोने के आभूषण भी गायब कर दिए गए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है।

पीड़ित ने आरोप लगाया कि लॉकर खोलने के दौरान बैंक मैनेजर भी मौके पर मौजूद थे। साथ ही लॉकर संचालन से जुड़े दस्तावेजों में उनकी जानकारी और सहमति के बिना बदलाव किए गए। लॉकर को ‘Anyone or Survivor’ श्रेणी में परिवर्तित किए जाने और बैंक के कुछ दस्तावेजों में उनके हस्ताक्षरों के साथ कथित छेड़छाड़ का भी आरोप लगाया गया है।

शिकायतकर्ता के मुताबिक, उन्हें इन बदलावों की जानकारी बाद में आरटीआई के माध्यम से प्राप्त दस्तावेजों से हुई। बैंक अधिकारियों से जानकारी मांगने पर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने के बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की।

थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस ने 22 नवंबर 2026 को बैंक मैनेजर, शिकायतकर्ता की पत्नी और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और 61(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक निशा पांडे को सौंपी गई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments