Sunday, October 4, 2026
Homeउत्तराखंडडंपर दुर्घटना के बाद लापता था चालक, गहरी खाई में मिला शव;...

डंपर दुर्घटना के बाद लापता था चालक, गहरी खाई में मिला शव; SDRF ने किया रेस्क्यू

अल्मोड़ा, 13 सितंबर 2026। भतरोजखान थाना क्षेत्र में एक डंपर दुर्घटना में चालक की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक लापता था, जिसकी तलाश में जुटी SDRF टीम ने उसका शव गहरी और दुर्गम खाई से बरामद कर सुरक्षित बाहर निकाला।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना भतरोजखान से SDRF पोस्ट भीकियासैंण को सूचना मिली कि मोहान से करीब 10 किलोमीटर पहले कुमेरिया डेन रिजॉर्ट के पास एक डंपर दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। हादसे के बाद डंपर चालक का कोई पता नहीं चल पा रहा था।

सूचना मिलते ही अपर उप निरीक्षक सुंदर सिंह बोरा के नेतृत्व में SDRF पोस्ट भीकियासैंण की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने के बाद SDRF जवानों ने आसपास के क्षेत्र में चालक की तलाश शुरू की।

सर्च ऑपरेशन के दौरान टीम को दुर्घटनाग्रस्त डंपर के चालक का शव गहरी खाई में दिखाई दिया। खाई बेहद दुर्गम होने के कारण SDRF टीम ने रोप की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और कड़ी मशक्कत के बाद शव को सुरक्षित बाहर निकाला।

रेस्क्यू के बाद शव को आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक दुर्घटनाग्रस्त डंपर में केवल चालक ही सवार था, जिसकी हादसे में मौत हो गई। मृतक की पहचान जसवंत सिंह (36 वर्ष), पुत्र गोपाल सिंह, निवासी ग्राम गजार, तहसील चौखुटिया, जिला अल्मोड़ा के रूप में हुई है।

हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी विस्तृत जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments