देहरादून, 3 नवंबर 2026: द टोंसब्रिज आवासीय एवं दिवसीय विद्यालय, देहरादून में मंगलवार को ‘स्पर्धा और संस्कार’ जूनियर स्पोर्ट्स मीट का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय भारतीय सैन्य कॉलेज (आरआईएमसी) के कमांडेंट कर्नल राहुल अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विद्यालय के अध्यक्ष श्री विजय नागर भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण एवं मशाल प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों ने शानदार मार्च पास्ट प्रस्तुत किया तथा खेल भावना और अनुशासन की शपथ ली। योग एवं ताइक्वांडो के प्रभावशाली प्रदर्शनों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

खेल प्रतियोगिताओं में विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों ने दौड़, शटल रेस सहित अन्य खेलों में पूरे जोश के साथ भाग लिया। सामूहिक प्रदर्शन (मास डिस्प्ले), एरोबिक्स, घुड़सवारी एवं पैरासेलिंग जैसे आकर्षक कार्यक्रमों ने समारोह में विशेष रोमांच भर दिया।
समापन सत्र में विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले लगभग 180 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। समग्र उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर इग्निस हाउस ने ओवरऑल ट्रॉफी अपने नाम की।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि कर्नल राहुल अग्रवाल एवं विद्यालय अध्यक्ष श्री विजय नागर ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में विद्यार्थियों को खेल भावना, अनुशासन और संस्कारों का महत्त्व बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर प्रयास करने, चुनौतियों का सामना करने तथा खेल और जीवन के हर क्षेत्र में उत्कृष्टता पाने के लिए प्रेरित किया। अंत में विद्यालय निदेशक श्री शैलेंद्र बेंजामिन ने आभार ज्ञापन प्रस्तुत किया और राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।
‘स्पर्धा और संस्कार’ जूनियर स्पोर्ट्स मीट ने विद्यार्थियों को शारीरिक दक्षता के साथ-साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, सहयोग, नेतृत्व क्षमता और खेल भावना को समझने का अवसर दिया। यह आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और जीवन मूल्यों के प्रति द टोंसब्रिज स्कूल की प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण रहा।


