Wednesday, September 23, 2026
Homeउत्तराखंडछह नंबर पुलिया वेंडिंग जोन से हटेंगे अवैध कब्जे, मेयर ने दिए...

छह नंबर पुलिया वेंडिंग जोन से हटेंगे अवैध कब्जे, मेयर ने दिए कार्रवाई के निर्देश

देहरादून। छह नंबर पुलिया स्थित स्मार्ट वेंडिंग जोन में यातायात व्यवस्था को सुचारू करने और आए दिन लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए नगर निगम ने सख्ती के संकेत दिए हैं। महापौर सौरभ थपलियाल ने अधिकारियों को वेंडिंग जोन में निर्धारित व्यवस्था के अनुसार दुकानें संचालित कराने और सड़क पर किए गए अवैध कब्जों को हटाने के निर्देश दिए हैं।

मंगलवार को पार्षद मेहरबान भंडारी के नेतृत्व में स्थानीय लोगों के एक प्रतिनिधिमंडल ने महापौर सौरभ थपलियाल से मुलाकात कर छह नंबर पुलिया वेंडिंग जोन की व्यवस्थाओं से जुड़ी समस्याओं से अवगत कराया। स्थानीय लोगों ने बताया कि वेंडिंग जोन में निर्धारित एक लाइन के अतिरिक्त आगे की ओर खोखे और अन्य अस्थायी दुकानें लगाए जाने से सड़क पर डबल लाइन की स्थिति बन रही है। इससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने के साथ ही क्षेत्र में जाम की समस्या लगातार बनी रहती है।

प्रतिनिधिमंडल की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए महापौर ने स्पष्ट किया कि छह नंबर पुलिया वेंडिंग जोन में फल और सब्जी की दुकानें केवल निर्धारित एक लाइन में ही संचालित की जाएंगी। सड़क अथवा निर्धारित वेंडिंग क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा।

महापौर ने संबंधित अधिकारियों को वेंडिंग जोन में दुकानों के लिए निर्धारित लाइन को व्यवस्थित करने, यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और सड़क पर अवैध रूप से कब्जा करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

सौरभ थपलियाल ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य वेंडिंग जोन में व्यवस्थित तरीके से व्यापार करने वाले दुकानदारों के हितों को सुरक्षित रखने के साथ-साथ आम जनता और वाहन चालकों को जाम की समस्या से राहत दिलाना है। उन्होंने कहा कि वेंडिंग जोन की निर्धारित व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा, ताकि सड़क पर यातायात बाधित न हो और क्षेत्र में आवागमन सुचारू बना रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments