Wednesday, September 9, 2026
Homeउत्तराखंडबनभूलपुरा में सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई से पहले हाई अलर्ट, 2 सुपर...

बनभूलपुरा में सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई से पहले हाई अलर्ट, 2 सुपर जोन और 4 जोन में बांटा क्षेत्र

SSP मंजूनाथ टीसी ने किया संवेदनशील क्षेत्र का निरीक्षण, ड्रोन से होगी निगरानी; भारी पुलिस बल तैनात

हल्द्वानी। बनभूलपुरा रेलवे भूमि प्रकरण में आज सुप्रीम कोर्ट में होने वाली अहम सुनवाई को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। किसी भी संभावित स्थिति से निपटने और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बनभूलपुरा को 2 सुपर जोन और 4 जोन में विभाजित किया गया है।

बुधवार सुबह एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बनभूलपुरा क्षेत्र का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने और किसी भी स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के निर्देश दिए।

सुरक्षा व्यवस्था के तहत क्षेत्र में 2 एसपी, 5 सीओ, 15 इंस्पेक्टर/थाना प्रभारी, 10 चौकी प्रभारी, 45 उपनिरीक्षक/अपर उपनिरीक्षक, 182 हेड कांस्टेबल/कांस्टेबल और 47 महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही पीएसी की दो कंपनियां और दो विशेष ड्रोन टीमें भी सुरक्षा व्यवस्था में लगाई गई हैं।

संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी

पुलिस ने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त संसाधन भी तैयार रखे हैं। इनमें अग्निशमन विभाग की चार यूनिट, यातायात पुलिस की चार टीमें, एक बम निरोधक दस्ता, दो हॉक पुलिस यूनिट, दो टीयर गैस टीमें, दो एंटी रायट टीमें और दो फायरिंग स्क्वाड शामिल हैं।

जरूरत पड़ने पर पुलिस लाइन से अतिरिक्त बल और अन्य विशेष संसाधनों को भी मौके पर भेजा जाएगा।

बनभूलपुरा में पुलिस की जमीनी और हवाई निगरानी एक साथ की जा रही है। ड्रोन के माध्यम से छतों, गलियों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर नजर रखी जाएगी, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि का तत्काल पता लगाया जा सके।

सोशल मीडिया पर भी पुलिस की नजर

पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी निगरानी बढ़ा दी है। पुलिस के मुताबिक, अफवाह, भ्रामक सूचना या भड़काऊ पोस्ट प्रसारित कर माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने विशेष रूप से चेतावनी दी है कि यदि किसी व्यक्ति द्वारा उपद्रव या हिंसा की नीयत से छतों पर पत्थर, रोड़ी, ईंट, मलबा, हथियार अथवा हथियारनुमा वस्तुएं जमा की जाती हैं, तो उसके खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने की शांति बनाए रखने की अपील

नैनीताल पुलिस ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे सुप्रीम कोर्ट के निर्णय का सम्मान करें और क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बनाए रखें। पुलिस ने लोगों से किसी भी अपुष्ट सूचना पर विश्वास न करने और उसे सोशल मीडिया पर साझा नहीं करने की अपील की है।

पुलिस ने कहा है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल पूरी तरह तैयार है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments