Saturday, October 3, 2026
Homeउत्तराखंडरामनगर में कार सवार युवक पर जानलेवा हमले से हड़कंप, ईंट-पत्थरों से...

रामनगर में कार सवार युवक पर जानलेवा हमले से हड़कंप, ईंट-पत्थरों से ताबड़तोड़ वार, कार के शीशे टूटे

गंभीर रूप से घायल युवक काशीपुर के निजी अस्पताल में भर्ती, पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी

रामनगर। नैनीताल जिले के रामनगर में गुरुवार तड़के बालाजी मंदिर के पास कार सवार युवक पर अज्ञात हमलावरों द्वारा कथित रूप से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में टेड़ा रोड, लखनपुर निवासी गोपाल सिंह अधिकारी उर्फ गोपू गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद काशीपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।

कार को घेरकर ईंट-पत्थरों से किया हमला

जानकारी के अनुसार, घटना गुरुवार सुबह करीब चार बजे की है। गोपाल सिंह अधिकारी अपनी वॉक्सवैगन वेंटो कार संख्या UK06 AW 7879 से बालाजी मंदिर के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान अज्ञात लोगों ने कथित तौर पर उनकी कार को घेर लिया और उन पर हमला कर दिया।

आरोप है कि हमलावरों ने ईंट और पत्थरों से युवक पर ताबड़तोड़ वार किए। इस हमले में उनके सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।

घटना के बाद मौके पर पहुंचे लोगों को कार के शीशे टूटे हुए मिले। वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त था और कार के अंदर तथा बाहर खून के निशान दिखाई दे रहे थे। घटनास्थल से खून से सने ईंट-पत्थर भी बरामद हुए हैं, जिन्हें पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।

पुलिस ने शुरू की जांच, फोरेंसिक टीम जुटा रही साक्ष्य

घटना की सूचना मिलते ही रामनगर कोतवाल सुशील कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, जो घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है।

घायल गोपाल सिंह अधिकारी को पहले रामनगर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया था। हालत गंभीर होने के चलते चिकित्सकों ने उन्हें काशीपुर के हायर सेंटर रेफर कर दिया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

बहस के बाद हमले की आशंका, फायरिंग की पुष्टि नहीं

स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना से पहले लखनपुर चुंगी के पास गोपाल सिंह अधिकारी की कुछ युवकों से बहस हुई थी। इसके बाद बालाजी मंदिर के समीप हमला किए जाने की बात सामने आ रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस दावे की पुष्टि नहीं की है।

वहीं, कुछ लोगों द्वारा घटना के दौरान फायरिंग किए जाने की बात भी कही जा रही है, लेकिन पुलिस की ओर से इसकी पुष्टि नहीं की गई है।

परिजनों की तहरीर मिलने पर होगी कार्रवाई : कोतवाल

रामनगर कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और हमले में शामिल आरोपियों की जल्द पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments