Tuesday, November 24, 2026
Homeउत्तराखंडआशा, आंगनबाड़ी और भोजनमाताओं के मानदेय में बढ़ोतरी पर सहमति, छंटनी पर...

आशा, आंगनबाड़ी और भोजनमाताओं के मानदेय में बढ़ोतरी पर सहमति, छंटनी पर भी लगेगी रोक

देहरादून। उत्तराखंड में मानदेय बढ़ाने, सेवानिवृत्ति लाभ देने और छंटनी रोकने की मांग को लेकर आंदोलन कर रही आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और भोजनमाताओं को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जगी है। सोमवार को सचिवालय में शासन और श्रमिक संगठनों के बीच हुई वार्ता में तीनों वर्गों के मानदेय में बढ़ोतरी समेत कई मांगों पर सहमति बनी। इसके बाद श्रमिक संगठनों ने अपना आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया।

सीटू के नेतृत्व में आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, भोजनमाताओं और अन्य श्रमिक संगठनों ने सचिवालय में प्रदर्शन किया। इसके बाद कार्मिक सचिव की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि शैलेश बगोली सहित स्वास्थ्य, शिक्षा, बाल विकास और श्रम विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में 18 नवंबर को सचिवालय महापड़ाव के दौरान सौंपे गए मांगपत्र पर विस्तार से चर्चा हुई।

वार्ता के दौरान आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में बढ़ोतरी और सेवानिवृत्ति पर एकमुश्त धनराशि देने पर सहमति बनी। इसके लिए हरियाणा की तर्ज पर व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया गया। वहीं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में बढ़ोतरी का शासनादेश जारी करने तथा उनके कल्याण कोष में सरकार की ओर से भी अंशदान देने पर सहमति बनी।

भोजनमाताओं के मानदेय में वृद्धि के साथ उनकी छंटनी पर रोक लगाने और सेवानिवृत्ति के समय आर्थिक सहायता देने का प्राविधान करने पर भी शासन ने सकारात्मक रुख दिखाया। इसके अलावा ग्रेच्युटी भुगतान के मामले में सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का पालन करने पर सहमति बनी।

बैठक में अकुशल श्रमिकों का न्यूनतम वेतन 42 हजार रुपये प्रतिमाह करने की मांग भी उठाई गई। इस संबंध में श्रम विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही चार श्रम संहिताओं में मजदूरों के हितों के अनुरूप बदलाव करने और त्रिपक्षीय बोर्डों में केंद्रीय श्रमिक संगठनों को शामिल करने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया।

सीटू के राज्य सचिव लेखराज ने बताया कि शासन के साथ वार्ता में मांगों पर सकारात्मक सहमति बनने के बाद आंदोलन स्थगित कर दिया गया है। हालांकि, श्रमिक संगठन अपनी मांगों को लेकर सक्रिय रहेंगे और एक दिसंबर को दिल्ली में आयोजित होने वाली रैली में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments