Friday, November 20, 2026
Homeअपराध50 हजार की रिश्वत लेते डीएसए गिरफ्तार, बैंक मैनेजर समेत तीन पकड़े

50 हजार की रिश्वत लेते डीएसए गिरफ्तार, बैंक मैनेजर समेत तीन पकड़े

1.80 करोड़ के लोन के बदले मांगे थे नौ लाख रुपये, सीबीआई ने की कार्रवाई

देहरादून। बैंक से 1.80 करोड़ रुपये का लोन स्वीकृत कराने और उसकी राशि जारी करने के एवज में नौ लाख रुपये की रिश्वत मांगने के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने बड़ी कार्रवाई की है। सीबीआई ने बैंक ऑफ बड़ौदा की इंदिरा नगर शाखा के शाखा प्रबंधक और दो डायरेक्ट सेलिंग एजेंट (डीएसए) को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक डीएसए को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया।

सीबीआई के अनुसार, शिकायतकर्ता ने बैंक की इंदिरा नगर शाखा में 1.80 करोड़ रुपये के लोन के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि लोन स्वीकृत कराने और राशि वितरित कराने के बदले आरोपियों ने कुल रकम का पांच प्रतिशत यानी नौ लाख रुपये कमीशन के रूप में मांगे थे। इसमें से 2.50 लाख रुपये पहले ही नकद लिए जा चुके थे, जबकि शेष 6.50 लाख रुपये देने का दबाव बनाया जा रहा था।

शिकायत के आधार पर सीबीआई ने 18 नवंबर 2026 को मुकदमा दर्ज कर जाल बिछाया। आरोपियों के कहने पर शिकायतकर्ता ने 3.80 लाख और 2.20 लाख रुपये के दो बिना तारीख वाले चेक भी दिए थे। इसके अलावा 50 हजार रुपये नकद देने की बात तय हुई थी। इसी दौरान सीबीआई ने एक डीएसए को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

इसके बाद मामले में कथित संलिप्तता के आरोप में बैंक शाखा प्रबंधक और दूसरे डीएसए को भी गिरफ्तार किया गया। सीबीआई ने तीनों आरोपियों के आवासीय परिसरों पर तलाशी लेकर आपत्तिजनक दस्तावेज और नकदी बरामद की है।

गिरफ्तार तीनों आरोपियों को देहरादून स्थित सक्षम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस कस्टडी रिमांड के आवेदन पर 23 नवंबर को सुनवाई होगी। मामले में सीबीआई की जांच जारी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments