Friday, November 20, 2026
Homeउत्तराखंडपंतनगर से काठमांडू तक सीधी उड़ान का सपना : सतपाल महाराज

पंतनगर से काठमांडू तक सीधी उड़ान का सपना : सतपाल महाराज

देहरादून/नई दिल्ली। उत्तराखंड के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने पंतनगर से काठमांडू और देहरादून से काठमांडू के बीच सीधी हवाई सेवा शुरू करने की पैरवी की है। उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल के बीच पर्यटन एवं सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने के लिए हवाई संपर्क का विस्तार बेहद जरूरी है। पंतनगर हवाई अड्डे को राज्य का पहला अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बनाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं और भविष्य में यहां से काठमांडू के लिए सीधी उड़ान शुरू करना उनका सपना है।

गुरुवार को नई दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित एक होटल में नेपाल दूतावास और नेपाल पर्यटन बोर्ड की ओर से आयोजित ‘नेपाल कॉलिंग’ डेस्टिनेशन प्रमोशन कार्यक्रम ‘एक तराई, दो राष्ट्र’ में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए सतपाल महाराज ने यह बात कही। उन्होंने भारत और नेपाल के संबंधों को आस्था, संस्कृति और पारिवारिक परंपराओं से जुड़ा बताते हुए कहा कि दोनों देशों की साझा विरासत पर्यटन विकास की अपार संभावनाएं रखती है।

महाराज ने उत्तराखंड के तराई क्षेत्र और नेपाल के कंचनपुर एवं कैलाली जिलों को जोड़कर संयुक्त सीमा-पार पर्यटन सर्किट विकसित करने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि दोनों क्षेत्रों की प्राकृतिक परिस्थितियां, वन संपदा, थारू संस्कृति और धार्मिक आस्थाएं काफी हद तक समान हैं। ऐसे में ‘एक तराई, दो राष्ट्र’ की अवधारणा से दोनों देशों में पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी सृजित किए जा सकते हैं।

उन्होंने कॉर्बेट, नंधौर और नेपाल के शुक्लाफांटा राष्ट्रीय उद्यान को जोड़कर ‘तराई आर्क टाइगर ट्रेल’ विकसित करने तथा खटीमा क्षेत्र में थारू हेरिटेज होमस्टे क्लस्टर बनाने का सुझाव दिया। इसके साथ ही टनकपुर स्थित मां पूर्णागिरि धाम और नेपाल के सिद्ध बाबा मंदिर को जोड़कर संयुक्त ‘पूर्णागिरि-सिद्ध बाबा यात्रा’ शुरू करने की आवश्यकता बताई। इसके लिए बनबसा सीमा पर सुगम आवागमन, साझा शटल सेवा और पर्यटक सूचना सुविधाएं विकसित करने पर जोर दिया।

पर्यटन मंत्री ने पंचेश्वर बहुउद्देशीय परियोजना की डीपीआर में जलाशय पर्यटन को भी शामिल करने की पैरवी की। उन्होंने कहा कि इससे भारत और नेपाल के प्रभावित परिवारों को पर्यटन के माध्यम से आजीविका के अवसर मिल सकेंगे। साथ ही टनकपुर-महेंद्रनगर लिंक रोड का निर्माण शीघ्र शुरू करने और बनबसा सीमा पर पर्यटक सुविधा केंद्र स्थापित करने की आवश्यकता बताई।

महाराज ने केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से तराई-महाकाली पर्यटन सर्किट को स्वदेश दर्शन 2.0 और प्रसाद योजना में प्राथमिकता देने का अनुरोध किया। वहीं, नेपाल के संस्कृति, पर्यटन तथा नागरिक उड्डयन मंत्री खड्क राज पौडेल से उत्तराखंड और नेपाल के सुदूरपश्चिम प्रदेश के बीच संयुक्त पर्यटन कार्यदल गठित करने का आग्रह किया। उन्होंने सीमा-पार साइकिल रैली, तराई बर्ड फेस्टिवल और साझा पर्यटन पैकेज जैसे आयोजनों के माध्यम से दोनों देशों के पर्यटन को नई दिशा देने का सुझाव भी दिया।

उन्होंने विश्वास जताया कि ‘एक तराई, दो राष्ट्र’ की पहल भारत और नेपाल के बीच पर्यटन सहयोग को मजबूत करने के साथ सीमावर्ती क्षेत्रों के आर्थिक एवं सामाजिक विकास का नया माध्यम बनेगी।

कार्यक्रम में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, नेपाल के संस्कृति, पर्यटन तथा नागरिक उड्डयन मंत्री खड्क राज पौडेल ‘गणेश’, नेपाल के राजदूत, नेपाल पर्यटन बोर्ड के पदाधिकारी तथा दोनों देशों के पर्यटन उद्योग से जुड़े प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments