छठ महापर्व को बताया आस्था, अनुशासन और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक, सूर्यदेव से प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की
खटीमा, 15 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार देर शाम खटीमा में पूर्वांचल सेवा समिति द्वारा आयोजित छठ महोत्सव में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने भगवान सूर्य नारायण की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने वार्ड नंबर 14 में संजय रेलवे पार्क के समीप नवनिर्मित छठ घाट के सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण भी किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को आस्था के महापर्व छठ की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने छठी मैया और भगवान सूर्य नारायण से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना की। उन्होंने छठ महोत्सव के आयोजन के लिए पूर्वांचल सेवा समिति और स्वयंसेवकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि छठ महापर्व आस्था, अनुशासन, तपस्या और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का अनूठा संगम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उगते और अस्त होते सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा हमें जीवन का महत्वपूर्ण संदेश देती है। यह परंपरा सिखाती है कि सम्मान केवल शिखर पर पहुंचने वाले व्यक्ति का ही नहीं, बल्कि कठिन संघर्षों से गुजरने वाले हर व्यक्ति का होना चाहिए। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व उत्तराखंड और पूर्वांचल की संस्कृतियों को आपस में जोड़ने के साथ ही विविधता में एकता की सुंदर मिसाल प्रस्तुत करता है।
खटीमा में विकास कार्यों को दी जा रही गति
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार ‘विकास भी और विरासत भी’ के मूल मंत्र के साथ कार्य कर रही है। इसी संकल्प के तहत खटीमा में धार्मिक आस्था के सम्मान के साथ जनसुविधाओं के विस्तार और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि खटीमा में प्रतिवर्ष होने वाली बाढ़ की समस्या के स्थायी समाधान के लिए 300 करोड़ रुपये से अधिक की लागत का ड्रेनेज प्लान स्वीकृत किया गया है, जिसका भूमि पूजन जल्द किया जाएगा। इसके अलावा खटीमा चौराहे से मेलाघाट रोड तक हॉटमिक्स कार्य, मुख्य चौराहे से थारू विकास भवन तक सड़क चौड़ीकरण, मजोला रोड तथा नानकसागर से 17 मील तक लगभग 34 करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण के कार्य तेजी से किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप सीमावर्ती गांवों को अब ‘प्रथम गांव’ के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसी क्रम में मेलाघाट, सिसैया और नगला तराई जैसे गांवों के विकास के लिए 12 करोड़ रुपये के प्रस्ताव तैयार किए गए हैं। इसके साथ ही भारामल बाबा मंदिर क्षेत्र का सौंदर्यीकरण और वहां सुविधाओं के विकास के कार्य भी किए गए हैं।

शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन सुविधाओं का हो रहा विस्तार
मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा में केंद्रीय विद्यालय की नई भव्य इमारत तैयार हो चुकी है। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के लिए केंद्रीय मंत्री द्वारा 10 करोड़ रुपये की अतिरिक्त धनराशि देने की घोषणा की गई है। इसके अलावा आईटीआई, पॉलिटेक्निक, बाईपास और अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट की स्थापना जैसे महत्वपूर्ण कार्य भी क्षेत्र में किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि चकरपुर स्थित वन चेतना मैदान और वनखंडी महादेव मंदिर के सौंदर्यीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है। आने वाले समय में यह क्षेत्र एक बड़े आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित होगा।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले समिति के पदाधिकारियों एवं एक चिकित्सक को सम्मानित भी किया गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, पूर्वांचल सेवा समिति के अध्यक्ष ठाकुर अजय सिंह, महेंद्र प्रताप, प्रकाश चंद तिवारी, रणजीत सिंह नामधारी, अंकित पांडेय, कमला सिंह, एसके पटेल, अजय प्रताप सिंह, नरेश यादव, अशोक सिंह, रंजना सिंह, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


