Sunday, November 1, 2026
Homeउत्तराखंडकेदारताल में लापता 7 ट्रैकर्स और गाइड की तलाश जारी, हेलीकॉप्टर से...

केदारताल में लापता 7 ट्रैकर्स और गाइड की तलाश जारी, हेलीकॉप्टर से दो बार की गई हवाई रेकी

अत्यधिक बर्फबारी और विषम परिस्थितियों से सर्च अभियान में आ रही बाधा, SDRF ने अतिरिक्त माउंटेनियरिंग टीम को उपकरणों के साथ किया रवाना

देहरादून। उत्तरकाशी के केदारताल क्षेत्र में लापता हुए 7 ट्रैकर्स और उनके एक गाइड की तलाश में SDRF का सर्च एवं रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र, अत्यधिक बर्फबारी और प्रतिकूल मौसम के चलते अभियान में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। लापता लोगों की तलाश के लिए SDRF द्वारा अब हेलीकॉप्टर की मदद से हवाई रेकी भी की गई है।

सेनानायक SDRF श्री अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर लापता ट्रैकर्स एवं गाइड की तलाश के लिए विशेष माउंटेनियरिंग टीम को अभियान में लगाया गया है। इससे पूर्व SDRF की गंगोत्री टीम के जवानों ने केदारताल क्षेत्र में पहुंचकर रेकी की थी, लेकिन भारी बर्फबारी और विषम परिस्थितियों के कारण सर्च अभियान को आगे बढ़ाना संभव नहीं हो पाया।

इसके बाद हवाई रेकी के माध्यम से तलाश करने का निर्णय लिया गया। इसी क्रम में SDRF के हेड कांस्टेबल रवि चौहान और कांस्टेबल दीपक पंत हेलीकॉप्टर से हर्षिल पहुंचे। यहां से हेलीकॉप्टर के माध्यम से केदारताल क्षेत्र की दो बार सघन हवाई रेकी की गई। हालांकि, इस दौरान लापता ट्रैकर्स या उनके टेंट आदि के कोई स्पष्ट संकेत दिखाई नहीं दिए।

वहीं, अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए सेनानायक श्री अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर SDRF वाहिनी मुख्यालय से एक अतिरिक्त टीम आवश्यक रेस्क्यू एवं पर्वतारोहण उपकरणों के साथ रवाना कर दी गई है। परिस्थितियां अनुकूल होने पर यह टीम सर्च एवं रेस्क्यू अभियान को आगे बढ़ाएगी।

फिलहाल SDRF द्वारा संबंधित एजेंसियों के साथ लगातार समन्वय स्थापित किया जा रहा है और उपलब्ध परिस्थितियों एवं संसाधनों के आधार पर आगे की रणनीति तैयार की जा रही है। लापता 7 ट्रैकर्स और गाइड की तलाश के लिए अभियान जारी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments