रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में प्रसिद्ध तुंगनाथ धाम की यात्रा पर आई एक महिला यात्री रविवार शाम ट्रेक रूट पर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही डीडीआरएफ, एसडीआरएफ और आपदा मित्रों की टीमें मौके पर पहुंचीं और महिला की तलाश में रेस्क्यू अभियान शुरू किया। सोमवार सुबह महिला का शव गहरी खाई से बरामद कर लिया गया।
गणेश मंदिर के समीप हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, रविवार, 20 सितंबर की शाम करीब 6:21 बजे तुंगनाथ ट्रेक रूट पर गणेश मंदिर के समीप एक महिला यात्री अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे के बाद काफी देर तक महिला की आवाजें सुनाई देने की बात सामने आई, जिसके बाद रेस्क्यू टीमों ने उसे बचाने के लिए अभियान तेज कर दिया।
सूचना मिलते ही जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र, रुद्रप्रयाग ने डीडीआरएफ और तुंगनाथ क्षेत्र में तैनात आपदा मित्रों की टीम को तत्काल अलर्ट किया। टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और महिला की तलाश शुरू की, लेकिन खाई की अत्यधिक गहराई के कारण रेस्क्यू अभियान बेहद चुनौतीपूर्ण रहा।
अंधेरे के कारण रात में रोकना पड़ा अभियान
घटना की जानकारी एसडीआरएफ अगस्त्यमुनि और तहसीलदार ऊखीमठ को भी दी गई। अधिकारियों के निर्देश पर डीडीआरएफ ऊखीमठ की टीम को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। रेस्क्यू टीमों ने रात में ही महिला को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन अत्यधिक गहराई और अंधेरे के कारण अभियान को आगे जारी रखना जोखिमपूर्ण हो गया।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि रात करीब 12:30 बजे डीडीआरएफ के कुलदीप सिंह ने अभियान को फिलहाल स्थगित किए जाने की जानकारी दी।
सुबह दोबारा शुरू हुआ सर्च अभियान
सोमवार सुबह मौसम और परिस्थितियों का जायजा लेने के बाद रेस्क्यू एवं सर्च अभियान दोबारा शुरू किया गया। अभियान के दौरान महिला का शव गहरी खाई से बरामद कर लिया गया।
अधिकारियों के अनुसार, महिला की पहचान और हादसे से जुड़ी अन्य जानकारी जुटाई जा रही है।


