Wednesday, August 19, 2026
Homeउत्तराखंडदेहरादून में भारत विकास परिषद ने लगाया एनीमिया एवं ब्लड शुगर जांच...

देहरादून में भारत विकास परिषद ने लगाया एनीमिया एवं ब्लड शुगर जांच शिविर

देहरादून। भारत विकास परिषद, समर्पण शाखा देहरादून की ओर से मंगलवार को आदित्य दून शायर सोसायटी, साईं लोक, देहरादून में एनीमिया मुक्त भारत अभियान के तहत एनीमिया एवं ब्लड शुगर जांच और उपचार शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में महिलाओं एवं पुरुषों के हीमोग्लोबिन और ब्लड शुगर की जांच की गई।

कार्यक्रम की संयोजक डॉ. रेनू शर्मा ने कहा कि सशक्त नारी ही सशक्त समाज की पहचान है। इसके लिए महिलाओं का मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और समय पर जांच से कई गंभीर समस्याओं की रोकथाम की जा सकती है।

भारत विकास परिषद पश्चिम प्रांत के प्रांतीय महासचिव संजय गर्ग ने बताया कि एनीमिया मुक्त भारत अभियान के तहत भारत विकास परिषद की देशभर की करीब 1600 शाखाओं द्वारा विभिन्न स्थानों पर हीमोग्लोबिन एवं ब्लड शुगर की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान जिन महिलाओं में हीमोग्लोबिन की कमी पाई जाएगी, उनके लिए आवश्यक दवाइयों और पोषण की व्यवस्था की जाएगी।

आदित्य दून शायर सोसायटी के अध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक संजीव गुप्ता ने कहा कि घरों और असंगठित क्षेत्रों में काम करने वाली अनेक महिलाएं आर्थिक कठिनाइयों और काम के अत्यधिक बोझ के कारण अपने स्वास्थ्य पर पर्याप्त ध्यान नहीं दे पाती हैं। इससे उनमें एनीमिया जैसी समस्या बढ़ सकती है। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से गर्भावस्था के दौरान हीमोग्लोबिन की कमी मां और बच्चे दोनों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर चुनौती बन सकती है।

शिविर में कुल 82 महिलाओं एवं पुरुषों की एनीमिया और ब्लड शुगर की जांच की गई। जांच में 11 महिलाएं और दो पुरुष एनीमिक पाए गए। एनीमिया से प्रभावित लोगों को आवश्यक उपचार एवं पोषण संबंधी जानकारी उपलब्ध कराई गई।

समर्पण शाखा देहरादून के अध्यक्ष मोहित मित्तल और संगठन सचिव यश गर्ग ने शिविर के सफल आयोजन में सहयोग के लिए दून शायर रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष संजीव गुप्ता, सचिव राकेश बहुगुणा, कोषाध्यक्ष विनोद कुमार, कार्यकारिणी सदस्य ललित गोस्वामी, वंदना नारंग और अलका शर्मा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने भविष्य में भी इसी प्रकार सहयोग की अपील की।

शिविर का संचालन करते हुए शाखा सचिव राजेश ध्यानी ने देहरादून के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा के मार्गदर्शन एवं सहयोग के लिए विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवा से जुड़े ऐसे अभियानों को सफल बनाने में विभागीय सहयोग महत्वपूर्ण है।

इस अवसर पर शाखा के उपाध्यक्ष डॉ. ओम प्रकाश, सुबोध मलिक, संस्कार संयोजक मनमोहन शर्मा, संपर्क संयोजक मनीष गुप्ता, दिनेश भटनागर, नितिन चौहान, योग गुरु चांदना, आरपी रंगा, अनिल कुमार, जागेश्वर, चंद्रभान, अनुराधा गर्ग, मीनाक्षी गर्ग सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments