Saturday, October 3, 2026
Homeउत्तराखंडसोमवती अमावस्या पर धर्मनगरी में उमड़ा आस्था का जनसैलाब, ‘हर-हर गंगे’ जयघोष...

सोमवती अमावस्या पर धर्मनगरी में उमड़ा आस्था का जनसैलाब, ‘हर-हर गंगे’ जयघोष से गूंजे घाट

हरिद्वार: सोमवती अमावस्या के अवसर पर हरिद्वार में हर की पैड़ी में गंगा स्नान के लिए लाखों श्रद्धालुओं भीड़ उमड़ रही है. आज इस बार के यात्रा सीजन की पहली रिकॉर्ड तोड़ भीड़ हरिद्वार में दिखाई दे रही है. हरकी पैड़ी के अलावा अन्य गंगा घाटों पर श्रद्धालु गंगा स्नान करने के लिए पहुंच रहे हैं. इस बार कुंभ मेले के लिए बनाए गए गंगा घाटों पर भी भारी भीड़ है. हाईवे पर वाहन रेंगते हुए दिखाई दे रहे हैं. प्रशासन ने सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं. पूरे मेला क्षेत्र को 16 जोन और 46 सेक्टरों में बांटकर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया है. हालांकि इस बार प्रशासन की एक्सरसाइज नाकाफी नजर आ रही है. लोग पांच किलोमीटर पहले वाहन खड़ा करके हरकी पौड़ी जाते दिखाई दिए.

आज सोमवती अमावस्या पर हर की पैड़ी का दृश्य देखते ही बन रहा है. चारों ओर श्रद्धालुओं की भीड़ दिखाई दे रही है और गंगा के जयकारे के उद्घोष सुनाई दे रहे हैं. आज पुरुषोत्तम मास का अंतिम दिन है और संक्रांति भी है. सबसे खास सोमवार के दिन सोमवती अमावस्या का होना अत्यंत पुण्यदायी माना जाता है और इस दिन गंगा स्नान करने से मोक्ष की प्राप्ति होती है. गंगा स्नान का कई गुना फल प्राप्त होता है. इसी कारण आज हरिद्वार में लाखों लोग गंगा स्नान के लिए पहुंचे हैं. ज्योतिषाचार्यों के अनुसार सोमवती अमावस्या के साथ ही पुरुषोत्तम मास का समापन हो जाएगा और अब शुद्ध ज्येष्ठ मास का पदार्पण होगा. यही कारण है कि हरिद्वार में हर की पैड़ी के चारों ओर सभी घाटों में श्रद्धालु ही श्रद्धालु दिखाई दे रहे हैं.

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments