ऋषिकेश में पहली बार सी-प्लेन ट्रायल सफल, पर्यटन को मिलेगी नई उड़ान

0
3

यूजेवीएन लिमिटेड के ऋषिकेश स्थित पशुलोक बैराज में आज स्काईहॉप (Skyhop) के सी-प्लेन द्वारा सफलतापूर्वक लैंडिंग एवं टेकऑफ का परीक्षण किया गया। उत्तराखंड में इस प्रकार का यह पहला प्रयोग है, जो राज्य में जल-आधारित हवाई सेवाओं की संभावनाओं को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इस अवसर पर यूजेवीएन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक श्री अजय कुमार सिंह ने कहा कि सी-प्लेन सेवा प्रारंभ होने से राज्य में पर्यटन को नई गति मिलेगी तथा देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को आकर्षित करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह पहल विशेष रूप से उन दुर्गम एवं दूरस्थ क्षेत्रों के लिए उपयोगी सिद्ध होगी, जहां पारंपरिक परिवहन सुविधाएं सीमित हैं। सी-प्लेन के माध्यम से त्वरित एवं सुगम हवाई संपर्क स्थापित होने से इन क्षेत्रों का समग्र विकास भी संभव हो सकेगा।
श्री सिंह ने बताया कि यह पहल राज्य के मुख्य सचिव एवं प्रमुख सचिव (ऊर्जा) के निर्देशानुसार की गई है, जिसके अंतर्गत जलाशय में इस गतिविधि की अनुमति प्रदान की गई। उन्होंने आश्वस्त किया कि परीक्षण के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं, जिससे पूरी प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हुई और विद्युत उत्पादन पर किसी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ा।
उन्होंने आगे कहा कि सी-प्लेन संचालन न केवल पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देगा, बल्कि आपदा प्रबंधन एवं राहत कार्यों जैसे जनहित के महत्वपूर्ण क्षेत्रों में भी प्रभावी भूमिका निभाएगा। आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया के लिए यह सेवा अत्यंत उपयोगी साबित हो सकती है।
प्रबंध निदेशक श्री अजय कुमार सिंह ने पशुलोक बैराज की टीम की सराहना करते हुए कहा कि टीम ने अत्यंत समर्पण, दक्षता एवं उत्कृष्ट समन्वय के साथ कार्य करते हुए इस परीक्षण को सफलतापूर्वक संपन्न कराया।
उल्लेखनीय है कि सी-प्लेन का यह परीक्षण आगामी दिवस में भी जारी रहेगा, जिसके आधार पर भविष्य में नियमित संचालन की संभावनाओं का आकलन किया जाएगा।

Previous articleभाकृअनुप-विवेकानन्द पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, अल्मोड़ा में 52वें कृषि विज्ञान मेले का आयोजन
Next articleदेहरादून नगर क्षेत्र अंतर्गत जिला पूर्ति कार्यालय तथा समस्त तहसीलों में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी पूर्ति/निरीक्षक कार्यालय में किया जाएगा आवेदन

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here